हादसा इतना भीषण था कि दामाद का एक हाथ कटकर करीब 30 मीटर दूर जा गिरा। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली मौके पर छोड़कर फरार हो गया। हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के शेखपुर निवासी सुरजीत (25) दिल्ली की एक निजी फैक्टरी में काम करते थे।
रास्ता भटकने से सीतापुर रोड पर पहुंचे
टड़ियावां जाने के लिए हरदोई-सीतापुर मार्ग पर इटौली पुल के पास से रास्ता जाता है। बताया जा रहा है कि रात होने के कारण सुरजीत रास्ता भटक गए। पुल के आगे से मुड़ने के बजाय वह सीतापुर रोड की ओर सीधे चले गए। इसी दौरान शहबादपुर गांव के पास सामने से या पीछे से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर बाइक में लग गई।
हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर भागा चालक
घटना के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया है। हादसे की जानकारी मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी।कोतवाल अतुल सिंह ने बताया कि घटना संज्ञान में है। ट्रैक्टर-ट्रॉली पुलिस के कब्जे में है। परिजनों से तहरीर लेकर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।