हरदोई जिले में पिहानी कोतवाली पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर सीतापुर की क्राइम ब्रांच टीम के पांच पुलिस कर्मी व महोली कोतवाली के तत्कालीन इंस्पेक्टर व एसआई के खिलाफ बंधक बनाकर मारपीट करने का मुकदमा दर्ज किया हैं।
कोतवाली क्षेत्र के पंडरवा किला गांव निवासी मोहम्मद हारून ने न्यायालय में वाद दायर किया था।
इसमें कहा था कि उसका भाई इश्तिखार व गांव के एक किशोर को 11 मार्च 2021 की शाम कुछ लोग कार में बैठा ले गए थे। भाई ने फोन करके सीतापुर की महोली कोतवाली में क्राइम ब्रांच टीम के पकड़कर लाने की बात बताई थी। वह परिजनों के साथ महोली कोतवाली पहुंचे, तो उन्हें भगा दिया गया था।
इसके बाद वह छुपकर वहीं पर खड़ा था। उसे कोतवाली के अंदर से भाई की चीखें सुनाई दी थीं। आरोप है कि 13 मार्च को क्राइम ब्रांच टीम ने उसके भाई से 1,45,000 रुपये और मोबाइल ले लिया था। उस पर भाई का सुपुर्दगीनामा लिखाकर छोड़ दिया था। निर्दोष भाई के साथ मारपीट करने की उसने उच्चाधिकारियों से शिकायत की थी, लेकिन किसी ने उसकी फरियाद नहीं सुनी।
कोर्ट के आदेश पर शुक्रवार शाम पुलिस ने सीतापुर क्राइम ब्रांच के पांच पुलिसकर्मी, महोली के तत्कालीन इंस्पेक्टर संजय पांडेय, एसआई बाबू खां के खिलाफ बंधक बनाकर मारपीट करने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाल वेनीमाधव त्रिपाठी ने बताया कि जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।