हरदोई जिले में पिहानी कोतवाली पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर जहानीखेड़ा चौकी के तत्कालीन प्रभारी व छह सिपाहियों समेत 11 लोगों के खिलाफ मारपीट और लूट का मुकदमा दर्ज किया है। महमूदपुर सरैयां गांव निवासी सत्तार अली ने न्यायालय में वाद दायर किया था। इसमें बताया था कि 13 जून 2021 को उसके पिता ने गांव के शमीमुल, सद्दीक, फहीम व जोहर के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट करने की शिकायत की थी।
इस पर विपक्षी उनके खिलाफ साजिश रच रहे थे। आरोप है कि 18 जून 2021 को वह सराफ से उधार लिए 44 हजार रुपये देने जहानीखेड़ा जा रहा था। चौकी के सामने तत्कालीन चौकी प्रभारी रामकेवल तिवारी, सिपाही वीर सिंह, मनोज कुमार, अंकुर चौधरी, राहुल कुमार, प्रमोद कुमार मिश्रा व राम स्वदेश और विपक्षी शमीमुल, सद्दीक, फहीम, जोहर ने उसे रोक लिया।
उसकी लात घूसों से पिटाई करके 44 हजार रुपये, एक अंगूठी लूट ली। उसे पूरी रात हवालात में बंद रखा। इसके बाद सुलह करने की धमकी देकर छोड़ दिया था। उसने प्रभारी निरीक्षक से मामले में कार्रवाई की गुहार लगाई थी, लेकिन उसकी मदद नहीं की गई। शुक्रवार को न्यायालय के आदेश पर सभी के खिलाफ कोतवाली में लूट व मारपीट का मुकदमा दर्ज किया। कोतवाल वेनीमाधव त्रिपाठी ने बताया कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी।