पंचायत चुनाव की रंजिश में आठ लोगों ने प्रधान पति पर हमला कर दिया। बचने के लिए प्रधान का पति घर में घुस गया तो आरोपियों ने घुसकर मारपीट की। तहरीर पर आठ लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। मांझगांव निवासी अरुण कुमार की पत्नी बिट्टन ग्राम प्रधान हैं। अरुण के मुताबिक नौ मई को वह शाम छह बजे गांव के ही श्यामलाल के साथ मकान के बाहर बैठे थे।
पंचायत चुनाव की रंजिश को लेकर गांव के शेर सिंह, कल्याण सिंह, मानसिंह, राजेश सिंह, राम सिंह, अमन, राशिद अहमद और शिवराज ने वहीं आकर हमला कर दिया। आरोपी लाठी-डंडे और असलहे लेकर आए थे। इनसे बचने के लिए अरुण अपने घर में घुस गया। इस दौरान हमलावर घर में घुस आए और मारपीट की। परिवार की महिलाओं ने शोर मचाया, तो उनके साथ भी अभद्रता की। कोतवाल विजय कुमार ने बताया कि आठों आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमला समेत गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच में पता चला है कि पूर्व में भी आरोपियों ने अरुण कुमार पर हमला किया था। उक्त घटना की रिपोर्ट लखनऊ के रहीमाबाद थाने में दर्ज हुई थी।