हरदोई में लखनऊ चुंगी के निकट रविवार रात छुट्टा जानवर सड़क पर मिलने पर डीएम पुलकित खरे द्वारा निलंबित किए गए मंडी चौकी प्रभारी संजय कुमार शर्मा की कुछ घंटों के बाद सोमवार सुबह ही बहाली हो गई। सोमवार सुबह एसपी आलोक प्रियदर्शी ने चौकी प्रभारी के निलंबन आदेश को निरस्त कर दिया।
इसके कुछ देर बाद ही डीएम ने भी अपना आदेश रद्द करने संबंधी पत्र जारी जारी कर दिया। बाद में डीएम और एसपी ने संयुक्त विज्ञप्ति जारी कर चौकी प्रभारी को कड़ी चेतावनी देकर निलंबन आदेश निरस्त करने की आधिकारिक जानकारी भी दी। सोमवार सुबह पुलिस और मीडिया कर्मियों के संयुक्त व्हाट्स एप ग्रु्प पर एसपी का संदेश जारी हुआ।
लिखा था कि रविवार रात संजय शर्मा के निलंबन का आदेश जो कि डीएम ने जारी किया था, को वापस ले लिया गया है। जनपद में पुलिस के प्रशासनिक मुखिया होने के नाते वह संजय शर्मा और सभी पुलिस कर्मियों के साथ हैं। इसके कुछ समय बाद डीएम ने सरकारी रिकॉ़र्ड के स्तर पर संजय शर्मा का निलंबन आदेश निरस्त करने का पत्र जारी कर दिया।
दोपहर करीब 2:15 दो बजे डीएम और एसपी ने संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति जारी की। इसमें बताया गया कि मुख्य मार्ग पर यातायात की सुगम व्यवस्था रखना शासन की प्राथमिकता है। 11 अगस्त की शाम लखनऊ चुंगी से नवीन सब्जी मंडी तक यातायात व्यवस्था बाधित होने के कारण संजय शर्मा को निलंबित किया गया था। इस निलंबन को वापस ले लिया गया है और संजय शर्मा को कड़ी चेतावनी दी गई है।