हरदोई जिले के संंडीला कोतवाली क्षेत्र में कांशीराम कालोनी के पास चोरी के माल का बंटवारा कर रहे चोरों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। खुद को घिरा देख चोरों ने पुलिस टीम पर फायर कर दिया। जवाबी फायरिंग में पुलिस की गोली पैर में लगने से एक चोर घायल हो गया। घायल समेत पांच लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इन में चोरी के जेवर खरीदने वाला सराफ भी शामिल है।
इनके पास से 5.45 लाख रुपये और चोरी के जेवर भी बरामद हुए हैं। चोरी की पांच घटनाओं का खुलासा किए जाने का दावा पुलिस ने किया है। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने पुलिस टीम को दस हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। बीते दिनों अतरौली, संडीला और कासिमपुर थाना क्षेत्रों में चेारी की घटनाएं हुई थीं। इन घटनाओं का खुलासा करने के लिए सीओ संडीला संतोष सिंह की निगरानी में पुलिस की दो टीमें काम कर रही थीं।