हरदोई जिले में सांडी कस्बे के मोहल्ला ऊंचा टीला के पास गर्रा में नहाने गए चार दोस्तों में से एक डूब गया। शोर सुनकर पास ही मौजूद लोगों ने नदी में कूदकर उसे निकाला। इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसने दम तोड़ दिया।
सांडी कस्बे के सरॉय मुल्लागंज निवासी अर्पित (12) पुत्र त्रिलोकी पटवा कस्बे के ही एक प्राइवेट स्कूल में कक्षा सात का छात्र था। गुरुवार दोपहर बाद वह अपने दोस्तों जतिन उर्फ केसू, जितेंद्र, विशाल उर्फ गुच्ची के साथ ऊंचा टीला में खेलने गया था। इसी दौरान गर्मी लगने पर चारों दोस्त पास से ही निकली गर्रा नदी में नहाने के लिए उतर गए। इसी बीच अर्पित गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। यह देख उसके दोस्तों ने शोर मचाया तो आस पास मौजूद लोगों ने नदी में छलांग लगा दी और अर्पित को बाहर निकाला।
इसी बीच घटना की जानकारी होने पर अर्पित के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। अर्पित को सीएचसी सांडी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे हॉयर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही मौत हो गई। घटना की जानकारी पर पुलिस अर्पित के मकान पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में ले लिया।