हरदोई जिले के शाहाबाद में जनसेवा केंद्र संचालक से हुई तीन लाख की लूट में शामिल मास्टरमाइंड को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी मास्टरमाइंड सुग्रीव जनपद शाहजहांपुर के थाना सेहरामऊ दक्षिणी के ग्राम दिलावरपुर हाल के टड़ेर का रहने वाला है। वह न्यायालय में हाजिर होने जा रहा था।
इसी बीच मुखबिर से सूचना पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। कोतवाल सुरेश कुमार मिश्रा ने बताया कि पकड़ा गया शातिर मास्टरमाइंड सुग्रीव अंतर जनपदीय अपराधी है। उस पर लूट सहित 14 मुकदमे चल रहे हैं। लूट में शामिल दो और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
कोतवाल ने बताया कि इससे पूर्व लूट कांड में सुरेंद्र निवासी ग्राम टड़ेर व मोहल्ला अख्तियारपुर के अमित राजपूत को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। बताते चलें कि 30 नवंबर को जनसेवा केंद्र संचालक राहुल त्रिवेदी के साथ घर से निकलते समय बाइक सवार बदमाशों ने फायरिंग कर लूट की थी। एसपी राजेश द्विवेदी ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि इस मामले में सात टीमों का गठन किया है। इसमें अब तक शामिल तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके पास से लूट के 19,025 रुपये व लूटा गया डेबिट कार्ड बरामद किया गया है।