शहर के जिंदपीर चौराहे पर महिला से चेन स्नेचिंग की घटना का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। 10 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज से मिले अहम सुराग के आधार पर पुलिस ने कछौना कोतवाली क्षेत्र के नटपुरवा निवासी चार महिलाओं को गिरफ्तार किया है। इन महिलाओं के पास से सोने की चेन भी बरामद हो गई है।
सीतापुर शहर के गुड़ियनटोला निवासी सूरज की पत्नी पूजा सोमवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत हुए समारोह में शामिल होने रिश्तेदारों के साथ गई थीं। वापस घर जाने के लिए जिंदपीर चौराहे पर बस में सवार हो रही थीं। इसी दौरान कुछ महिलाओं ने उनकी चेन खींच ली थी। जानकारी पर रेलवेगंज चौकी प्रभारी प्रिंस कुमार पहुंचे थे। पूजा को साथ लेकर पुलिस लाइन, जिंदपीर चौराहा और अलग-अलग प्रतिष्ठानों में लगे 10 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। फुटेज में घटना को अंजाम देने वाली महिला नजर आई तो उसकी फोटो सभी थानों में भेजी गई। इसके बाद मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कछौना कोतवाली क्षेत्र के नटपुरवा निवासी आरती, वैशाली, संगीता और रिंकी को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास पूजा से खींची गई चेन भी बरामद हुई है। सीओ सिटी अंकित मिश्रा ने बताया कि आरती के खिलाफ बेनीगंज कोतवाली में लूट और एनडीपीएस के तहत दो मामले दर्ज हैं।