लखनऊ-हरदोई राष्ट्रीय राजमार्ग पर कोतवाली क्षेत्र में बेगमगंज के पास रविवार रात गलत दिशा से आ रहे डीसीएम ने बाइक सवार फुफेरे भाइयों को टक्कर मार दी। घटना में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद चालक डीसीएम समेत मौके से भाग निकला।
कोतवाली क्षेत्र के जमकुरा निवासी मयंक (19) इंटरमीडिएट का छात्र था। उनकी मां नीलम बीमार चल रही हैं। मयंक के चाचा गोविंद ने बताया कि रविवार रात वह बाइक से अपने फुफेरे भाई अंकित (24) के साथ मां की दवा लेने बेगमगंज जा रहा था। बेगमगंज के पास गलत दिशा से आई डीसीएम ने बाइक में सामने से टक्कर मार दी। घटना में बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संडीला ले जाया गया। यहां चिकित्सक ने मयंक को मृत घोषित कर दिया। अंकित को हायर सेंटर रेफर किया गया। घटना का पता चलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक तीन भाई बहनों में सबसे छोटा था। कोतवाल वीरेंद्र पंकज ने बताया कि परिजनों से शिकायत लेकर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।