हरदोई जिले में शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के कामेपुर गांव के पास साइकिल चोर व उसके नाबालिग चचेरे भाई को बंधक बनाकर पीटने का वीडियो वायरल हुआ है। युवक को कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया। थाना सांडी के गांव आदमपुर निवासी मोनू पिछले चार साल से थाना मझिला के टूरमुका गांव में अपने चाचा हंसराज के यहां रहता है।
नौ वर्षीय चचेरे भाई के साथ पैगूंसराय में गन्ना के खेत के पास सड़क के किनारे खड़ी साइकिल को उठा कर ले जाने लगा। इसी बीच खेत में घास काट रहे साइकिल मालिक ने शोर किया। लोगों ने पीछा कर दोनों को कामेपुर गांव के पास में पकड़ लिया। लोगों ने मोनू के हाथ पैर बांधकर उसे पीट दिया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसके बाद नाबालिग बच्चे को छोड़कर मोनू को कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया गया। कोतवाल दिलेश सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है। दोषी लोगो के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।