सवायजपुर में नवनिर्मित कोतवाली के भवन का निरीक्षण करतीं सीडीओ सौम्या गुरुरानी
- फोटो : अमर उजाला
कोतवाली कार्यालय भवन के मंगलवार को निरीक्षण में सीडीओ सौम्या गुरूरानी ने जैसे ही एक खिड़की खोलने का प्रयास किया तो, कुंडी टूट गई। उन्होंने इस पर नाराजगी जाहिर की। कार्यदायी संस्था के सहायक अभियंता को कमियों को दूर कराने के निर्देश दिए। कोतवाली भवन का काम 667.63 लाख की लागत से कराया गया है। कहा कि कमियों को दूर किए जाने के बाद ही भवन हस्तांतरित कराया जाएगा।
सीडीओ को निरीक्षण में कोतवाली भवन के पुरुष बंदीगृह सहित कई कमरों में प्लास्टर, पुट्टी और निर्माण सामग्री की गुणवत्ता में कई खामियां मिली। बिजली वायरिंग व छत पर पानी आने से सीलन मिली। खामियों पर सीडीओ ने नाराजगी जाहिर की। यूपी प्रोजेक्ट कारपोरेशन लिमिटेड (इकाई लखनऊ) के सहायक अभियंता अशोक त्यागी को निर्देश दिए कि सभी कमियों को जल्द दूर कराया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि खामियों को समय से ठीक नहीं किया गया, तो संबंधित एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। एएसपी पश्चिमी मार्तंड प्रताप सिंह, पीडब्ल्यूडी एक्सईएन आरके मौर्य, शाहाबाद खंड विद्युत वितरण और शारदा नहर के अभियंता, एसडीएम संजय अग्रहरि, कोतवाल विजय कुमार मौजूद रहे।
पांडेयपुर में अमृत सरोवर के लिए मिली शाबाशी, आरआरसी के लिए फटकार
सीडीओ सौम्या गुरु रानी ने ब्लाक भरखनी के पांडेयपुर के अमृत सरोवर को देखा। अच्छा काम कराए जाने पर प्रधान कमला देवी और पंचायत सचिव की तारीफ की। आरआरसी में कूड़ा की सफाई कर रहे सफाईकर्मी संगीता और गंजू की ओर से मास्क ठीक ढंग से न लगाए जाने पर एडीओ पंचायत जितेंद्र गुप्ता से नाराजगी जताई। बीडीओ अशोक दुबे को सफाई कर्मियों को प्रशिक्षित कराने के निर्देश दिए। ग्रामीणों से कूड़ा आरआरसी पर डालने के लिए प्रेरित किया।