Hardoi News: नोएडा में काम करने वाले सुहेल अपनी गर्भवती बहन के प्रसव के सिलसिले में घर आए थे और बाइक से मां व बहनोई के साथ अस्पताल जा रहे थे। रास्ते में एक बेकाबू कार ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में सुहेल और रमेश की मौके पर मौत हो गई और मां ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।
हरदोई जिले में सवायजपुर मार्ग पर शहर कोतवाली क्षेत्र में बाइक सवार मां बेटे समेत तीन लोगोें को कार ने टक्कर मारदी। हादसे में बाइक सवार तीनों लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद चालक कार मौके पर छोड़कर भाग निकला। लाेनार कोतवाली क्षेत्र के भुवनपुरवा निवासी सुहेल (25) नोएडा में एक प्राइवेट फैक्टरी में अपने बहनाेई रामापुर छैया निवासी रमेश उर्फ त्रिपाठी (32) के साथ काम करते थे।
विज्ञापन
सुहेल की बहन कामिनी (रमेश की पत्नी) गर्भवती होने के कारण मेडिकल कॉलेज से संबद्ध महिला अस्पताल में भर्ती हैं। शनिवार को उनका प्रसव ऑपरेशन से होना था। इसके कारण सुहेल और रमेश शुक्रवार रात नोएडा से भुवनपुरवा पहुंचे थे। शनिवार दोपहर सुहेल अपनी मां विद्यावती उर्फ गुड्डी (49) और बहनोई रमेश के साथ बाइक से हरदोई जा रहे थे। समुदा के पास कार ने बाइक में टक्कर मार दी। घटना में सुहेल और रमेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विद्यावती को मेडिकल काॅलेज में मृत घोषित कर दिया गया।