पुलिस से अभद्रता करता अली मोहम्मद
- फोटो : अमर उजाला
हरदोई जिले के कछौना में शराब पीने के लिए रुपये न देने पर नशे में धुत शख्स ने जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे शांत कराने की कोशिश की तो वह पुलिस कर्मियों से भी उलझ गया और अभद्रता की। इस पर कछौना कोतवाली का पूरा पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और उसे हिरासत में ले लिया। मेडिकल कराने के बाद उसे कोतवाली लाया गया।
गाजू निवासी अली मोहम्मद शराब पीने का आदी है। रविवार शाम को नशे में धुत होकर वह गाजू चौराहा पहुंचा। उसने इलेक्ट्रॉनिक शॉप चलाने वाले सर्वेश, चोकर की दुकान चलाने वाले रोहित और नीरज से शराब पीने के लिए रुपये मांगे। रुपये न देने पर इन लोगों के साथ मारपीट की कोशिश करने लगा। दुकानों के काउंटरों को तोड़ दिया।एक दुकान में आग लगाने की कोशिश भी की ।इसी बीच नीरज ने यूपी 112 पर घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची यूपी 112 की टीम के साथ भी अली मोहम्मद ने हाथापाई करने की कोशिश की और जमकर अभद्रता की। जानकारी पर कोतवाली से बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी आ गए और अली मोहम्मद को पकड़ लिया। कोतवाल आनंद नारायण त्रिपाठी ने बताया कि अभद्रता करने वाले नशेड़ी के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। सोमवार को जेल भेजा जाएगा।