कांग्रेस को भारी मतों से विजयी बनाने के लिए धर्म नगरी चित्रकूट में हार्दिक पटेल 25 अप्रैल को जनसभा करेंगे। लोकसभा के चुनाव में प्रत्याशियों ने स्टार प्रचारकों की लंबी लिस्ट अपने शीर्ष नेतृत्व के पास भेजी ताकि स्टार प्रचारकों की सभा कराकर मतदाताओं को लुभाया जा सके।
कई सभाएं जिले में शुरू भी हो गई हैं। 25 को गुजरात के नेता हार्दिक पटेल व 26 को कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी की मऊ में सभा होगी। यह दोनों नेता कांग्रेस के प्रत्याशी बालकुमार पटेल के पक्ष में जनसभा करेंगे। चुनाव में सभाएं कराने के लिए भाजपा, कांग्रेस, सपा- बसपा गठबंधन सहित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी सभाओं के माध्यम से मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए दिग्गज नेताओं की सभा कराने के लिए मांग की है।
प्रियंका गांधी व राजब्बर की सभाएं कराने के लिए कार्यकर्ताओं में जोश
भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री राजनाथ सिंह, सांसद उमा भारती, उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री नंद गोपाल नंदी सहित अन्य दिग्गज नेताओं की सभाएं कराने के लिए मांग की जा रही है। वहीं कांग्रेस के जिलाध्यक्ष पंकज मिश्रा ने बताया कि पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी, राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी व प्रदेश अध्यक्ष राजब्बर की सभाएं कराने के लिए पत्र लिखा है।
फिलहाल 25 व 26 की जनसभा की अनुमति मिल चुकी है। गठबंधन ने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती सहित अन्य नेताओं की सभाएं कराने की मांग की गई है। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने छात्र नेता कन्हैया कुमार, पार्टी के वरिष्ठ नेता अतुल कुमार आदि की सभाएं कराने के लिए अपने पार्टी के नेताओं को पत्र लिखा है।