राठ-महोबा मार्ग में सैदपुर गांव के समीप मंगलवार सुबह आल्टो के पेड़ से टकराने में दो लोगों की मौत से कबरई में मातम छा गया। यहां के जगदीश प्रसाद सोनी के बेटे राहुल की सात मई को शादी है और जगदीश की दुर्घटना में मौत हो गई। जगदीश शादी के कार्ड बांटकर ही आल्टो से लौट रहा था कि दुर्घटना का शिकार हो गया।
कबरई के मोहल्ला जवाहर नगर निवासी जगदीश प्रसाद सोनी ने पुत्र राहुल की शादी पनवाड़ी में तय की थी। सात मई को बारात जानी थी। जगदीश मंगलवार की सुबह आल्टो से चालक आरिफ सौदागर के साथ राठ में शादी के कार्ड बांटकर लौट रहे थे कि सैदपुर गांव के समीप कार सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई।
जगदीश व चालक आरिफ की मौके पर ही मौत हो गई। जगदीश के दो पुत्र, दो पुत्रियां है। शाम तक शव घर नहीं पहुंचे थे। दुर्घटना की सूचना पर पड़ोसियों में भी गमगीन माहौल दिखाई दिया। मोहल्ले का माहौल गमगीन है। एक साथ दो लोगों की मौत से मोहल्ले में चूल्हे नहीं जले।