हमीरपुर जिले में होटल से खाना खाकर घर वापस आ रहे बिना हेलमेट लगाए स्कूटी सवार इलेक्ट्रीशियन हाईवे पर लकड़ी से लदी ट्रैक्टर ट्रॉली में पीछे से जा घुसा। जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। अचानक हुई इस घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।
भरुआ सुमेरपुर कस्बे के चांद थोक के कमलेश तिराहा निवासी संतोष धुरिया का पुत्र सुशील धुरिया (25) मंगलवार रात करीब 11 कस्बे के हाईवे स्थित न्यू शिखा होटल से खाना खाकर स्कूटी से बिना हेलमेट लगाये घर वापस आ रहा था। तभी धर्मकांटा के पास लकड़ी से लदी खड़ी ट्रैक्टर ट्रॉली में जा घुसा। जिससे युवक की मौके पर मौत हो गई।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पिता ने बताया कि वह बिजली का कार्य करता था। अचानक हुई इस घटना से पत्नी संगीता धुरिया, पुत्र वेदांत (4) व श्याम तीन माह सहित माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष रामआसरे सरोज ने बताया कि ट्रैक्टर ट्रॉली को कब्जे में लेकर फैक्टरी एरिया पुलिस चौकी पर खड़ा कराया गया है।