पत्नी के खाना देने में देरी होने से एक युवक ने कमरे में फंदा लगा लिया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर फंदे पर लटके युवक को आनन-फानन नीचे उतार लिया। उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। फंदे से नीचे उतारने का लाइव वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
सदर कोतवाली के कुछेछा वार्ड निवासी विनोद (30) पुत्र रामप्रकाश पेशे से पोकलैंड मशीन का ऑपरेटर है। विनोद का रविवार शाम को पत्नी से खाना देने को लेकर विवाद हो गया। बात इतनी बढ़ी कि विनोद ने खुद को कमरे में बंद करके फंदा लगाने की तैयारी कर ली। परिजनों ने इसकी सूचना तत्काल कुछेछा चौकी में तैनात उपनिरीक्षक सुरेंद्र पाल को दी। जिसके बाद सिपाही आशीष कुमार और राहुल राठौर के साथ मौके पर पहुंच गए।
कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था और विनोद किसी किस्म का कोई जवाब नहीं दे रहा था। आनन-फानन पुलिसकर्मियों ने कुदाल से दरवाजे को तोड़ा और एक बच्चे का हाथ डलवाकर अंदर से लगे हैंडल को खुलवाकर कमरे में प्रवेश किया। विनोद को फंदे से आनन-फानन नीचे उतारा गया। इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।