बच्चे को सड़क किनारे छोड़कर चली गई महिला
वायरल वीडियो में महिला बच्चे को लेकर सड़क पर जाती दिखाई दे रही है। इसके बाद उसने मासूम को सड़क किनारे छोड़ दिया और वहां से चली गई। वीडियो में महिला के व्यवहार को लेकर स्थानीय लोगों ने आपत्ति जताई। इस दौरान कुछ लोग घटना का वीडियो बनाते रहे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने बच्चे की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बच्चे को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया।
पुलिस ने बच्चे को सीडब्ल्यूसी के सामने किया पेश
कोतवाली प्रभारी संजय यादव ने बताया कि महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ है। पुलिस ने बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया है और उसे बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। उन्होंने बताया कि परिजनों या संबंधित पक्ष की ओर से लिखित शिकायत मिलने पर मामले में नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है। साथ ही बच्चे की सुरक्षा और देखभाल को लेकर बाल कल्याण समिति की प्रक्रिया के अनुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।