किसान फसल बीमा योजना में जालसाजी व फर्जीवाड़ा करने के मामले में दो लेखपालों ने नौ नामजद सहित जनसेवा केंद्र संचालक के खिलाफ बुधवार को रिपोर्ट दर्ज कराई है। डीएम के आदेश पर एसडीएम अभिमन्यु कुमार, एसडीएम न्यायिक विकास यादव ने मामले की जांच की थी।
चकबंदी लेखपाल अनुराग सिंह व अक्षय कुमार शर्मा ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई। जिसमें बताया कि कुछ व्यक्तियों द्वारा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में धांधली करने की शिकायत मिली थी। राठ के रौरों व सरीला के देवखरी, ममना, इस्लामपुर व धौहलबुजुर्ग में फर्जीवाड़े की शिकायत मिली थी। डीएम के निर्देश पर मामले की जांच की गई। बताया कि प्रारंभिक जांच में शिकायत सही पाई गई। जांच में पाया गया कि देवनारायण व भवानीदीन पुत्रगण ईश्वरदास बीमित कृषकों की सूची में निवासी मुस्करा खुर्द अंकित हैं। इसी प्रकार कौशल पुत्र टुटियां बरुआ, अवधेश पुत्र विश्वनाथ जराखर, दीपक सिंह पुत्र वीरपाल नौरंगा, वीरेंद्र पुत्र केशचंद्र व मनकेश पुत्र वीरेंद्र बरहरा तहसील सरीला अंकित हैं।
वीर सिंह पुत्र घनश्याम व राजेन्द्र सिंह पुत्र वीर सिंह ग्राम मुस्करा खुर्द अंकित हैं। इन व्यक्तियों का मौदहा बांध, बंजर, नाला, रास्ता, वन विभाग, बीहड़ आदि सरकारी भूमि के गाटों का फसल बीमा किया गया। अन्य व्यक्तियों द्वारा उपरोक्त ग्रामों के राजस्व अभिलेखों की जालसाजी कर, कृषकों द्वारा अपनी भूमि के बटाई, बलकट दिए जाने के फर्जी शपथ पत्र तैयार करके गिरोहबंद तरीके से शासन द्वारा चलाई जा रही जन कल्याणकारी फसल बीमा योजना का दुरुपयोग कर लाभ प्राप्त किए जाने का प्रयास किया गया है। बताया कि जालसाजी व फर्जी बाड़े में कुछ जन सेवा केंद्र संचालकों की भूमिका भी हो सकती है। कोतवाल रामआसरे सरोज ने कहा कि तहरीर के आधार पर नौ लोगों व जनसेवा केंद्र संचालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।