Hamirpur News: राठ कोतवाली क्षेत्र में जंगली सुअर से बाइक की टक्कर में छतरपुर निवासी युवक की मौत हो गई। मृतक हेलमेट पहने हुए था, लेकिन टक्कर इतनी भीषण थी कि उसने अस्पताल में दम तोड़ दिया।
हमीरपुर जिले के राठ कोतवाली क्षेत्र में छतरपुर जिले के चिरवाई निवासी अशोक कुमार रैकवार (26) पुत्र स्व. रामेश्वर शनिवार रात साढ़े नौ बजे बाइक से अपने साथी नीरज कुमार (30) के साथ उरई से अपने घर रहे थे। तभी गिरवर मोड़ के पास तेज रफ्तार उनकी बाइक जंगली सुअर से टकरा गई। इसमें सुअर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया।
विज्ञापन
यहां डाक्टर माजिद अहमद ने अशोक को मृत घोषित कर दिया। वहीं, नीरज की हालत गंभीर होने पर मेडिकल कालेज उरई रेफर कर दिया है। मृतक के भाई रोहित कुमार ने बताया कि उरई निवासी उनके बहनोई की कुछ दिनों से तबीयत खराब चल रही थी, जिसे देखकर वापस लौटते समय हादसा हो गया। मृतक सिर में हेलमेट पहने हुए था। मौत पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। कोतवाल अनूप सिंह ने कहा कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।