हमीरपुर जिले में राठ कोतवाली पुलिस ने चार अंतर्जनपदीय वाहन चोर गिरफ्तार किए हैं। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने दस बाइक और असलहा बरामद किया है। पकडे़ गए वाहनों के चोरी के मुकदमे राठ व झांसी में दर्ज हैं। चोरी की बाइकों को मध्यप्रदेश ले जाने की तैयारी थी।
एसपी शुभम पटेल ने बताया कि रविवार रात राठ पुलिस द्वारा उरई स्टैण्ड के पास बाईपास पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। सूचना मिली कि एक बाइक चोर गिरोह चोरी की बाइकें लेकर अमगांव तिराहे के पास पहुंचने वाला है। जो उरई की तरफ से आ रहा है। उरई की तरफ से एक साथ आ रही चार मोटर बाइकों को रोकने पर उनके द्वारा भागने का प्रयास किया गया, जिनको पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी करके पकड़ लिया गया।
मौके से एक बाइक सवार अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पकड़े गए व्यक्तियों में राघवेन्द्र (30) निवासी ग्राम सिंगार थाना गुरसराय जनपद झांसी, जिसके कब्जे से एक अवैध तमंचा व कारतूस और उसके साथ बैठे अंशुल यादव (20) निवासी ग्राम खिस्टोन थाना पीथीपुर जनपद निवासी मध्य प्रदेश को पकड़ा गया है।
तीसरे व्यक्ति ने अपना नाम गंगाचरन (22) रामनारायन राजपूत निवासी ग्राम बड़ा खरका थाना चिकासी जनपद हमीरपुर बताया। चौथे व्यक्ति प्रदीप राजपूत उर्फ विधायक (19) निवासी ग्राम बंगरा थाना चिकासी जनपद हमीरपुर हाल पता उरई स्टैण्ड कस्बा व थाना राठ बताया। जिसके पास से एक बाइक बरामद हुई है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर उरई मुख्य मार्ग से नवोदय विद्यालय के सामने बायी ओर बबूल की झाड़ियों में छिपायी हुई कुल 6 बाइकें बरामद की गई हैं।