हमीरपुर के पौथिक में गुरुवार रात आंधी-तूफान ने जमकर तबाही मचाई, कहीं-कहीं बारिश के साथ ओले भी गिरे। थाना ललपुरा के कुम्हऊपुर गांव में बेतवा नदी की रेत में सब्जी की बारी लगाए दो किसानों के ऊपर बिजली गिर गई, इसमें एक की मौत हो गई और दूसरा झुलस गया।
कुम्हऊपुर निवासी किसान सतीशचंद (30) पुत्र पुन्ना निषाद व महावीर (55) पुत्र गंगा प्रसाद झोपड़ी में सो रहे थे। रात करीब 12 बजे दोनों पर बिजली गिरने से झुलसकर बेहोश हो गए। लगभग घंटे भर बाद महावीर को होश आया तो उसने बेटे बच्चा सिंह को मोबाइल पर घटना की जानकारी दी।
तब बच्चा पड़ोसी मृतक सतीश के बड़े भाई हीरालाल को साथ लेकर बेतवा नदी पहुंचा। वहां से दोनों को कंधों पर लादकर गांव लाए। 108 एंबुलेंस से सदर अस्पताल दो बजे लाए। चिकित्सक ने सतीशचंद को मृत घोषित कर दिया। झुलसे महावीर को भर्ती कराया गया। मृतक के भाई हीरालाल ने बताया कि तीन भाइयों में सतीश सबसे छोटा था। इसके पांच वर्षीय पुत्र उदयभान व पत्नी शिवकांती है।