हमीरपुर जिले के मौदहा कोतवाली क्षेत्र के करहिया गांव में बृहस्पतिवार सुबह साढ़े दस बजे 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला की नृशंस हत्या से सनसनी फैल गई। पारिवारिक भतीजे ने महिला को पीट-पीटकर घर से बाहर निकाला और बीच रास्ते में कुल्हाड़ी से काटकर मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया। मिली जानकारी के अनुसार मृतका कल्ली (60) गांव में अकेले रहती थीं।
उनके पति मिडवा उर्फ मेडेलाल अपने दोनों बेटों के साथ कानपुर में रहकर मेहनत-मजदूरी करते हैं, जबकि महिला गांव में अकेली रहती थीं। बृहस्पतिवार सुबह करीब 10:30 बजे आरोपी पारिवारिक चचेरा भतीजा धर्मेंद्र (42) पुत्र शिवलाल, निवासी करहिया, किसी विवाद को लेकर महिला के घर पहुंचा। उसने पहले महिला की बेरहमी से पिटाई की, फिर दरवाजे से बाहर घसीटकर रास्ते में लाकर कुल्हाड़ी से सिर और पीठ पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।