हमीरपुर जिले के मौदहा कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 62 वर्षीय बुजुर्ग की कच्ची दीवार गिरने से मौत हो गई। घटना उस समय हुई, जब वह अपने कच्चे मकान की दीवार गिराकर मरम्मत का कार्य कर रहे थे। जानकारी के अनुसार इकबाल (62) निवासी बकी तलैया, मौदहा को हाल ही में प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रथम किस्त प्राप्त हुई थी।
शुक्रवार सुबह लगभग साढ़े आठ बजे वह अपने कच्चे रिहायशी मकान की पुरानी दीवार गिरा रहे थे। इसी दौरान दीवार अचानक भरभराकर गिर गई और वह उसके नीचे दब गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर उन्हें बाहर निकाला। परिजन और पड़ोसियों की मदद से उन्हें तुरंत सीएचसी मौदहा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।