सूरजी की फाइल फोटो व मौके पर मौजूद पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
हमीरपुर जिले में पिछले छह दिन से लापता वृद्धा विधवा का शव समीप के गांव में सुनसान जगह पर तालाब किनारे बनी बगिया में क्षत विक्षत हालत में पड़ा मिला। वृद्धा के कमर के नीचे का हिस्सा गायब है। इससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना पाकर थानाध्यक्ष राकेश कुमार मौके पर पहुंचे और घटना से आला अफसरों को अवगत कराया। सूचना पाकर सीओ सदर डॉग स्क्वायड टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
थानाक्षेत्र के विदोखर मेंदनी निवासी रतिराम वर्मा की पत्नी सूरजी (75) गत 20 मई को अचानक लापता हो गई थीं। इसके चार पुत्र मदनपाल, संतोष कुमार, चंद्रपाल, लखनपाल हैं। पति की मौत के बाद यह अपने पुत्र संतोष कुमार के साथ रहती थीं। मां के लापता होने पर संतोष कुमार ने 22 मई को गुमशुदगी दर्ज कराई थी। सोमवार को वृद्धा का शव पड़ोसी गांव विदोखर पुरई में भगवन तालाब के किनारे बनी बगिया में क्षत विक्षत हालत में पड़ा ग्रामीणों ने देखा तो सनसनी फैल गई।