हमीरपुर जिले में जलालपुर थाना क्षेत्र के बरखेड़ा गांव में बुधवार सुबह एक बालक ने खेल-खेल में अपनी मां की बीमारी की दवा खा ली। इससे वह बेहोश हो गया। जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में बालक ने दम तोड़ दिया। बालक के पास पड़े दवा के पत्ते में तीन गोलियां कम पाए जाने पर परिजनों ने दवा खाने से मौत होने की आशंका जताई है। बालक इकलौता बेटा था।
बरखेड़ा गांव निवासी बाबादीन ने बताया कि वह गांव में मेहनत मजदूरी कर परिवार चलाता है। उसकी पत्नी ऊषा बीमार रहती है। उसका उपचार चल रहा है। उन्होंने बताया कि वह बुधवार को काम पर गया था। पत्नी घर के बाहर बैठी थीं। तभी भीतर खेल रहे उसके इकलौते बेटे भरत कुमार (9) ने सुबह करीब आठ बजे अलमारी में ऊपर रखीं दवाएं उठाकर खा लीं। इससे वह बेहोश हो गया। थोड़ी देर बाद भरत के बाबा प्यारेलाल खाना खाने के लिए उसे खोजने गए।