विधायक अशोक सिंह चंदेल ने लगाया जनता दरबार (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
गिरफ्तारी वारंट जारी होने के छह दिन बाद भी यूपी के हमीरपुर जिले में पुलिस विधायक अशोक चंदेल समेत अन्य दोषियों में से एक को भी गिरफ्तार नहीं कर सकी है। सभी को तामील कराने का सोमवार तक समय स्थानीय अदालत की ओर से दिया गया है। पुलिस सोमवार को विधायक समेत सभी अभियुक्त अदालत में हाजिर होने का इंतजार कर रही है। इस बात की चर्चाएं तेज हैं।
मुख्यालय में 22 वर्ष पूर्व हुए सामूहिक हत्याकांड में उच्च न्यायालय प्रयागराज द्वारा पिछले 19 अप्रैल को विधायक अशोक सिंह चंदेल समेत नौ लोगों को उम्रकैद की सजा सुनाई गई है। इस मामले में स्थानीय अदालत ने सभी के खिलाफ छह मई को गिरफ्तारी वारंट भी जारी किए हैं। लेकिन अभी तक पुलिस किसी को भी गिरफ्तार नहीं कर सकी है, और न ही किसी ने अदालत में सरेंडर किया है।
दोषियों की गिरफ्तारी के लिए सदर कोतवाल केपी सिंह, कुरारा थानाध्यक्ष केके पांडेय व ललपुरा थानाध्यक्ष बांकेबिहारी की टीमें लगातार उनके घरों पर दबिश दे रही हैं। जानकारों की मानें तो विधायक समेत सभी अभियुक्त सोमवार को अदालत में हाजिर होंगे। इस बात की जगह-जगह चर्चाएं भी जोर पकड़े हैं। एसपी हेमराज मीना ने कहा कि कोतवाल केपी सिंह की विधायक से मोबाइल पर बात हुई है। जिसमें विधायक ने सभी के साथ सोमवार को अदालत में हाजिर होने की बात कही है।