यात्रियों को संभलने का मौका नहीं मिला
स्थानीय लोगों के अनुसार, बस आगे चल रहे ट्रक को ओवरटेक कर रही थी। इसी दौरान सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली बस की चालक वाली तरफ रगड़ गई। कुछ यात्री घबराकर खिड़कियों से कूद गए और चोटिल हो गए। यात्री सब्जी विक्रेता ताहिर निवासी मुस्करा ने बताया कि हादसे के समय बस में कुछ यात्री सो रहे थे। अचानक हुई टक्कर से यात्रियों को संभलने का मौका नहीं मिला। इस घटना में उनके पैरों में भी चोट आई है। हादसे में बस चालक लक्ष्मी नारायण निवासी रूरीपारा और महिला परिचालक रीता भी घायल हुईं।
छात्रवृत्ति परीक्षा देने जा रहे पांच बच्चे घायल
बिवांर हादसे में मुस्करा थाना क्षेत्र के चिल्ली गांव निवासी पांच बच्चे घायल हो गए। ये सभी छात्रवृत्ति परीक्षा देने भरुआ सुमेरपुर जा रहे थे। घायलों में रितिक (12) पुत्र बच्चा, विकास (13) पुत्र कृष्ण कुमार, दिव्यांशु पुत्र राजू, प्रिंस (14) पुत्र हरिनारायण और प्रिंस (12) पुत्र नंदकिशोर शामिल हैं। वहीं, पीईटी परीक्षा देने कुछेछा जा रहीं मधु राजपूत और आकांक्षा भी हादसे में घायल हुई हैं।
सीएचसी से जिला अस्पताल भेजे गए घायल
सूचना पर पहुंची बिवांर पुलिस ने घायलों को दो 108 एंबुलेंस से सीएचसी छानी पहुंचाया। यहां से सात घायलों को जिला अस्पताल हमीरपुर भेजा गया। उपचार के बाद तीन घायलों को गंभीर हालत में कानपुर रेफर कर दिया गया। सीओ मौदहा राजकुमार पांडेय ने बताया कि हादसे में 12 से अधिक लोगों के घायल होने की जानकारी मिली है। ट्रैक्टर चालक मौके पर नहीं मिला। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।