पुरानी रंजिश के चलते सात युवकों ने एक संत के घर में घुसकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमलावरों ने संत का तिलक छुड़ाकर दाढ़ी के बाल नोच दिए और जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद से संत लापता है, जिससे गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। जानकारी के अनुसार, बिवांर थाना क्षेत्र के पारा गांव निवासी रमेश ने बताया कि वर्ष 1986 में उसके पिता की हत्या कर दी गई थी, जिसमें गांव के कुछ युवक आरोपी थे। इसी रंजिश से आहत होकर वह घर छोड़कर संत बन गया था। एक सप्ताह पूर्व जब वह गांव लौटा, तो पुरानी दुश्मनी फिर से सामने आ गई।आरोप है कि अरविंद साहू, पुष्पेंद्र साहू, राजू सिंह, उदयभान सिंह, दीपक, हरिप्रसाद और लाल दुपट्टा श्रीवास मंगलवार रात करीब साढ़े दस बजे लाठी-डंडे लेकर घर में घुस आए और संत की पिटाई कर दी। इस दौरान उन्होंने तिलक मिटा दिया और दाढ़ी नोचते हुए धमकाया कि अब तुम्हें जिंदा नहीं छोड़ेंगे। थाना प्रभारी नंदलाल प्रजापति ने बताया कि इस मामले में अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, तहरीर मिलने पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।