कानपुर। कल्याणपुर मार्केट स्थित गणपति कॉम्प्लेक्स में शनिवार दोपहर लगी आग के 24 घंटे बाद भी हालात पूरी तरह सामान्य नहीं हो पाए हैं। रविवार को भी कॉम्प्लेक्स में दहशत का माहौल रहा। बेसमेंट में पानी भरा होने के कारण जली हुई दुकानों से सामान नहीं निकाला जा सका। वहीं, करीब 50 प्रतिशत दुकानों की बिजली व्यवस्था अब तक बहाल न होने से आधी दुकानें खुली ही नहीं। शनिवार दोपहर शॉर्ट सर्किट से कॉम्प्लेक्स में आग लगी थी। छह कपड़े की दुकानों में रखा करीब एक करोड़ का माल जलकर राख हुआ था। वहीं, कल्याणपुर युवा उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने गणपति मार्केट में पीड़ित व्यापारियों से मुलाकात की। हर संभव सहयोग का भरोसा दिया। इस मौके पर पप्पू चौहान, राहुल शुक्ला, विनोद चौहान, आनंद शुक्ला, प्रेम राजपूत, बृजेश बाजपेई, राजू गुप्ता आदि मौजूद रहे। (संवाद)