अतरौली थाना क्षेत्र में हरदोई-लखनऊ जनपद की सीमा पर महिला का अधजला शव पड़ा मिलने से सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी पर अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी मौके पर पहुंच गए। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर आवश्यक नमूने जुटाए। माना जा रहा है कि हत्या करने के बाद पहचान छिपाने के लिए यहां लाकर शव को जला दिया गया।
हरदोई-लखनऊ जनपद की सीमा पर पवायां - गहदो मार्ग पर कटियार फार्म से पहले अतरौली थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार शाम को कुछ लोगों ने सड़क किनारे ही महिला का अधजला शव पड़ा देखा। शव के पास ही एक बोरी भी पड़ी हुई थी। आसपास की सड़क किनारे की पतवार भी आग लगने के कारण जल गई थी। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। प्रभारी निरीक्षक दिलेश कुमार सिंह ने शव को लेकर जानकारी जुटाई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इससे पहले लखनऊ जनपद के रहीमाबाद और माल थाने की पुलिस भी मौके पर गई थी, लेकिन घटनास्थल अतरौली थाना क्षेत्र में होने के कारण वापस चली गई।