हरदोई में बिजली उत्पादन करेगी हल्दीराम
180 बीघा क्षेत्रफल में प्लांट लगाएगी कंपनी
सौर ऊर्जा से बिजली उत्पादन की तैयारी
विवेक सिंह
हरदोई। स्नैक्स निर्माता कंपनी हल्दीराम जिले में जल्द ही 10 मेगावाट क्षमता का सोलर पॉवर प्लांट लगाएगी। जिला प्रशासन ने जांच के बाद कंपनी को सदर तहसील क्षेत्र में ही लगभग 37 एकड़ से अधिक जमीन खरीदने की अनुमति दे दी है।
भुजिया व नमकीन समेत अन्य खाद्य पदार्थ बनाने वाली कंपनी मेसर्स हल्दीराम स्नैक्स अब बिजली उत्पादन के क्षेत्र में भी हाथ अजमाएगी। कंपनी की ओर से सोलर पॉवर प्लांट लगाने की योजना बनाई गई है। इसके लिए कंपनी ने हरदोई को चुना है। कंपनी सदर तहसील क्षेत्र में दस मेगावॉट क्षमता का पॉवर प्लांट लगाएगी और उत्पादित की गई बिजली उप्र पॉवर कार्पोरेशन लिमिटेड को देगी। कंपनी ने शहर के पास नीर गांव में पॉवर प्लांट स्थापित करने को जमीन खरीदने के लिए प्रशासन से अनुमति मांगी थी। कंपनी की ओर से आवेदन मिलने के बाद डीएम पुलकित खरे ने इस मामले में सदर तहसील प्रशासन व बिजली विभाग से आख्या मांगी थी। आख्या व जांच के बाद डीएम ने कंपनी को प्लांट के लिए 37.6 एकड़ जमीन खरीदने की अनुमति दे दी है।
-------------------
उपकेंद्र व ट्रांसमिशन को दी जाएगी आपूर्ति
बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना है कि सोलर ऊर्जा नीति के तहत पॉवर प्लांट लगाने वाली कंपनियां उत्पादित की गई बिजली उप्र प्रदेश पॉवर कार्पोरेशन लिमिटेड को देती हैं। इसके बाद ट्रांसमिशन से उत्पादित की गई बिजली उपभोक्ताओं को दी जाती हैं। ब्यूरो
------------------
भरखनी में भी लगा है प्लांट
साल 2017 में एज्योर ग्रुप ने जिले के भरखनी विकास खंड में सोलर पॉवर प्लांट लगाने के लिए आवेदन किया था। इसके बाद शासन से अनुमति मिलने व जमीन खरीदने की प्रक्रिया होने के बाद कंपनी की ओर से भरखनी के बिबियापुर व मान नगला गांव आदि की लगभग 57 एकड़ भूमि में सोलर पॉवर प्लांट लगाया जा चुका है। प्लांट से तैयार बिजली नजदीकी एनटीपीसी केंद्र को दी जा रही है। ब्यूरो
----------------
हजारों उपभोक्ताओं को मिलेगा लाभ
बिजली विभाग के अधिकारियों की मानें तो 10 मेगावाट प्रति घंटा उत्पादन की क्षमता वाले पॉवर प्लांट से दो पांच-पांच एमवीए के उपकेंद्रों को आपूर्ति मिल सकेगी। एक औसत के मुताबिक प्रति उपकेंद्र पर उपभोक्ताओं की संख्या चार से पांच हजार है। ऐसे में सोलर प्लांट से बिजली उत्पादन शुरू होने पर लगभग आठ से 10 हजार उपभोक्ताओं को लाभान्वित किया जा सकेगा। ब्यूरो