एचएएल कंपनी नए वर्ष से एडवांस्ड लाइट हेलीकॉप्टर ध्रुव हेलीकॉप्टर का निर्माण करेगी। सोमवार को इसकी आधारशिला रखी गई। रक्षा मंत्रालय के उत्पादन सचिव अशोक कुमार ने हैंगर का शिलान्यास किया।
रक्षा उत्पादन सचिव ने इस मौके पर कहा कि यहां पर ध्रुव हेलीकॉप्टर की दूसरी श्रृखंला के निर्माण का कार्य दिया गया है। एचएएल कानपुर ने अभी तक एवरो, डोनियर, एचपीटी 32, वसंत और रोहणी ग्लाइडर वायुयान बनाए हैं। इस कंपनी से बनाए गए वायुयान वायु सेना, थल सेना, नौ सेना, तट रक्षक बल और बीएसएफ को दिए जा चुके हैं।
मारीशस और सेशल्स में भी यहां के बनाए डोनियर वायुयान भेजे जा चुके हैं। आधारशिला रखे जाने के अवसर पर एचएएल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक टी. सुवर्ण राजू मुख्य कार्यपालक अधिकारी राजीव कुमार, महाप्रबंधक एमएम तपासे मौजूद रहे।