कानपुर देहात। मलासा ब्लॉक के निगोही दुर्वासा ऋषि आश्रम को जोड़ने वाली करीब सात किमी सड़क चौड़ीकरण की मंजूरी मिली है। शासन ने सड़क के लिए 5.38 करोड़ रुपये की पहली किस्त भी जारी कर दी है।
अकबरपुर में कानपुर इटावा हाईवे से लगे पतारी गांव से होकर निगोही दुर्वासा ऋषि आश्रम तक एक लेन सड़क अन्य जिला मार्ग के तहत आती है। यह सड़क आगे बरौर होकर गुरुगांव तक जाती है। गुरुगांव से तीन किमी बढ़ौली है। यहां कानपुर झांसी हाईवे से यह रोड जुड़ा है। इस मार्ग पर यातायात भार अधिक होने और हाईवे से जुड़े होने को लेकर चौड़ीकरण का प्रस्ताव किया गया था। इसकी मंजूरी शासन ने दी थी।
किमी पांच से किमी 12 (100) तक कुल लंबाई 7.1 किमी का चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण होना है। इस पर 21.54 करोड़ रुपये खर्च होंगे। शासन ने 5 करोड़ 38 लाख 65 हजार रुपये की पहली किस्त जारी की है। ठेकेदार को यह सड़क 5 वर्ष के रखरखाव की गारंटी पर बनानी होगी। इससे सड़क क्षतिग्रस्त होने पर तत्काल इसकी मरम्मत कराई जाएगी। मरम्मतीकरण के लिए अलग से 30 लाख रुपये का बजट रखा गया है।
.............
बीस गांवों के लोगों को होगा फायदा
पतारी, तोड़ा मोहम्मदपुर, निगोही, महोलिया, केसी, कुटरा, बरौर, डुडियामऊ, मदनपुर, बढ़ौली, मकरंदापुर, अरहरियामऊ, गुरुगांव समेत 20 गांवों के लोगों को आवाजाही में सहूलियत होगी। करीब 70 हजार आबादी को इसका फायदा मिलेगा।
..................पौराणिक है दुर्वासा ऋषि आश्रम
सेंगुर नदी किनारे स्थित दुर्वासा ऋषि आश्रम पौराणिक महत्व का है। कार्तिक पूर्णिमा पर ऋषि दुर्वासा आश्रम गऊघाट में पौराणिक स्नान और परिसर में मेला लगता है। भक्त ऋषि दुर्वासा की गद्दी व प्रतिमा के दर्शन करते हैं। वहीं मनौती के आधार पर पताकाएं चढ़ाने की परंपरा है। श्रद्धालुओं के आवागमन से यहां भीड़भाड़ रहती है।
....................
वर्जन......
दुर्वासा ऋषि आश्रम से गुरुगांव तक सड़क चौड़ीकरण की मंजूरी मिली है। शासन से बजट जारी किया गया है। जल्द की चौड़ीकरण कार्य शुरू कराया जाएगा। - हेमंत कुमार, एक्सईएन लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड एक