जीएसटी पोर्टल की मंगलवार से शुरुआत हो गई है। हालांकि करदाताओं के रजिस्ट्रेशन के लिए प्रक्रिया को राज्यों के हिसाब से पांच चरणों में बांटा गया है। उत्तर प्रदेश में रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया 16 दिसंबर से 31 दिसंबर तक चलेगी। सर्विस टैक्स के दायरे में आने वाले करदाताओं के लिए भी तारीख निर्धारित की गई हैं। इनके रजिस्ट्रेशन के लिए जीएसटी पोर्टल 31 जनवरी तक खुला रहेगा।
जीएसटी पोर्टल में रजिस्ट्रेशन कराने के लिए समय सारिणी भी दी गई है। पहले चरण में पुंडुचेरी व सिक्किम राज्य के करदाता ही रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे। यह चरण आठ से 23 नवंबर तक चलेगा। उत्तर प्रदेश समेत उत्तर भारत के नौ राज्यों की बारी चौथे चरण में आएगी। नेशनल एकेडमी ऑफ कस्टम, एक्साइज एंड नारकोटिक्स ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट के असिस्टेंट कमिश्नर तरुण बनर्जी ने बताया कि जीएसटी पोर्टल चरणबद्ध तरीके से रजिस्ट्रेशन कराने से प्रत्येक राज्य का डाटा बैंक तैयार होगा। पोर्टल पर सर्वर संबंधी दिक्कते नहीं आएंगी। इसके अलावा राज्यों को भी अपनी तैयारी का मौका मिलेगा।