कविता जिसकी शादी थी, मंडप के पास खड़े कविता के हताश परिजन
- फोटो : अमर उजाला
कानपुर के शिवली में शादी समारोह के दौरान एक ऐसा मामला सामने आया जिसने सबको हैरत में डाल दिया। दरअसल बारात आने ही वाली थी सारी तैयारियां पूरी चुकी थीं। तभी अचानक खबर आई कि दूल्हा भाग गया है।
मांडा गांव निवासी जगदीश प्रजापति पुत्र देवी प्रजापति ने अपनी लड़की कविता की शादी कानपुर के पनकी क्षेत्र के एसएस नगर निवासी किशन पुत्र रामचंद्र प्रजापति से तय की थी। 20 अप्रैल को तिलक की रस्म पूरी की गई थी। लड़की के पिता जगदीश ने बताया कि तिलक में बाइक व 51 हजार रुपये नगद व 25 हजार रुपये का सामान दिया था। बारात 24 अप्रैल को आनी थी। लेकिन तय समय पर बारात नहीं पहुंची। जानकारी पर पता चला कि दूल्हा किशन के पनकी में ही किसी दूसरी महिला से संबंध थे। उससेे कोर्ट मैरिज तक कर ली थी। उस महिला को शादी के बारे में पता चला तो उसने पनकी थाने में पहुंचकर हंगामा कर दिया। थाने में हंगामा देखकर घर से दूल्हा किशन भाग गया। थाना प्रभारी शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि धोखाधड़ी व दहेज प्रतिषेध अधिनियम सहित कई धाराओं में दूल्हा किशन, दूल्हे के पिता रामचंद्र व मां उमादेवी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। उधर, लड़की के घर में मातम छा गया। मंगलाचार की जगह सिसकियां गूंज रही हैं। सभी इंतजाम धरे रह गए।
... तो बच गई जिंदगी
स्नातक पास कविता का मन दुखित है। पिता व भाइयों की परेशानी देखकर उसे भी रोना आ रहा है। हालंाकि उसे संतोष इस बात का है कि कई महिलाओं से संबंध रखने वाले से उसकी शादी होने से बच गई। बाद में उसकी जिंदगी नरक बना देता। उसकी जिंदगी बच गई। इच्छा है कि दूल्हे के परिवार को उनके कर्मों की सजा जरूर मिले।
पांच भाइयों के बीच अकेली बहन
कविता पांच भाइयों में अकेली बहन है। सभी भाई इकलौती बहन की शादी के लिए जुटे थे। भाइयों ध्रुव, राजेश, बृजेश, मनोज, विजय ने बताया कि अकेली बहन के लिए सारे जतन किए थे। सब धरे रह गए। बहन की शादी इस बार अच्छे ढंग से देखकर के रचाएंगे।