राजस्व वसूली में प्रदेश भर में पिछड़ने के बाद अब केस्को ने राजस्व वसूली अभियान शुरू किया है। केस्को ने शुक्रवार को ग्रीनपार्क की बिजली काट दी। ग्रीनपार्क स्टेडियम पर 24 लाख रुपये से अधिक का बकाया है।
ग्रीनपार्क में इन दिनों प्रदेश स्तर के खिलाड़ी कैंप कर रहे हैं। वसूली में पिछड़ने पर शासन ने केस्को के निदेशक वाणिज्य विजय सिंह श्रीवास्तव को गुरुवार को बर्खास्त कर दिया था। जबकि और पॉवर कार्पोरेशन लिमिटेड ने चीफ इंजीनियर योगेश हजेला को लखनऊ के मध्यांचल विद्युत वितरण निगम से संबद्ध कर दिया है।
ग्रीनपार्क हर साल अदा करता है बकाया
ग्रीनपार्क स्टेडियम का कनेक्शन स्टेडियम निदेशक के नाम पर है। मार्च में ग्रीनपार्क ने बिजली का बिल जमा किया था। इस समय यहां 24,76,378 रुपये बिजली का बिल बाकी है। ग्रीनपार्क खेल विभाग के अधीन आता है। यहां हर साल वित्तीय वर्ष के अंत में मार्च महीने में बिजली बिल का भुगतान किया जाता है। केस्को ने ऐसे समय में कनेक्शन काटा है, जब ग्रीनपार्क में टीम इंडिया के दो खिलाड़ी और प्रदेश स्तर के सीनियर खिलाड़ी कैंप कर रहे हैं। बिजलीघर डिवीजन के एक्सईएन एसके सिंह ने बताया कि मार्च में ग्रीनपार्क प्रशासन ने पूरा बकाया बिल का भुगतान नहीं किया था। हर महीने भुगतान नहीं हो रहा है। बिल ज्यादा था, इसलिए शुक्रवार सुबह नोटिस देकर दोपहर में बिजली काट दी गई। सर्वोदय नगर डिवीजन ने काकादेव में बिजली चोरों और बकायेदारों के खिलाफ अभियान चला। बिजली चोरों के खिलाफ चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर डेढ़ लाख रुपये समन शुल्क वसूला।
राजस्व वसूली में अव्वल था केस्को
केस्को एमडी सेल्वा कुमारी जे के कार्यकाल में केस्को राजस्व वसूली में प्रदेश में अव्वल था। इसके लिए उन्हें यूपीपीसीएल से सम्मान भी मिला। तब भी यही अफसर और कर्मचारी काम करते थे। अब केस्को प्रदेश में चौथे नंबर पर आ चुका है। दो महीने पहले सबसे अंतिम पांचवेें पायदान पर था। राजस्व वसूली में पहले नंबर पर दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम है। वसूली में पिछड़ने पर ही यूपीपीसीएल के चेयरमैन ने वीडियो कांफ्रेंसिंग पर केस्को अफसरों को फटकार लगाई थी।