कानपुर। राष्ट्रीय खेल दिवस (हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती) के अवसर पर शुक्रवार को ग्रीनपार्क में तीन दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता शुरू हुई। इस दौरान विभिन्न खेलों में शहर का नाम ऊंचा करने वाले 20 खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।
पहले दिन हॉकी के फाइनल मैच में ग्रीनपार्क की टीम ने हलीम मुस्लिम इंटर कॉलेज की टीम को 4-2 से हराया। जीत में आर्यन, उत्कर्ष, सौरभ व अंशुमन ने एक-एक गोल किया। वॉलीबाॅल में आरमरीना क्लब अर्मापुर ने ग्रीन वैली जेके कॉलोनी को 16-25, 28-26 व 25-18 से हराकर खिताब जीता।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने दीप जलाकर व मेजर ध्यानचंद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया। सांसद रमेश अवस्थी व शहर के विधायकों ने हॉकी खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता शुरू कराई। उच्च शिक्षा मंत्री ने कहा कि मेजर ध्यानचंद के योगदान को देश कभी नहीं भूलेगा।
खिलाड़ियों को न सिर्फ उनके बारे में पढ़ाना चाहिए बल्कि उनसे सीखना भी चाहिए। उन्होंने हॉकी को ऊंचाइयों तक पहुंचाया। एकाग्रता, समर्पण और कड़ी मेहनत से ही मेजर ध्यानचंद जैसे खिलाड़ी तैयार होते हैं।
सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रीय खेल दिवस मेजर ध्यानचंद जैसे व्यक्तित्व को समर्पित किया है जिन्होंने न केवल देश में बल्कि पूरी दुनिया में भारत का नाम रोशन किया। सांसद देवेंद्र सिंह भोले ने कहा कि खेल भावना हमें राष्ट्रीय एकता और अखंडता को मजबूत करने की दिशा में प्रेरित करती है। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस की संकल्पना मेजर ध्यानचंद के योगदान को समर्पित है।
इस मौके पर भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, जिला पंचायत अध्यक्ष स्वप्निल वरुण, विधायक नीलिमा कटियार, सुरेंद्र मैथानी, सरोज कुरील, राहुल बच्चा सोनकर, भाजपा उत्तर जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित, ग्रामीण जिलाध्यक्ष उपेंद्र पासवान, श्रीराम, सीडीओ दीक्षा जैन, एडीएम सिटी डॉ. राजेश कुमार, क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी भानु प्रसाद, उपक्रीड़ाधिकारी अमित पाल समेत कोच मौजूद रहे।
शहर का नाम रोशन करने वाले इन खिलाड़ियों को किया सम्मानित
बालक वर्ग क्रिकेट में विष्णु सरोज (जोनल ट्रॉफी), वॉलीबॉल में इश्प्रीत सिंह, फुटबॉल में अभिनव यादव, हॉकी में विशाल शर्मा, कुश्ती में अतुल दुबे (सभी जूनियर नेशनल), तैराकी में अनन्य अवस्थी (सीबीएसई नेशनल), खो-खो में देवांश गुप्ता (स्कूल गेम्स अंडर-19), बॉक्सिंग में आदित्य दिवाकर (सब जूनियर नेशनल), बैडमिंटन में अनिरुद्ध गौड़ (सीबीएसई स्कूल नेशनल), कबड्डी में सौरभ बाथम (जूनियर नेशनल) को पुरस्कत किया गया। बालिका वर्ग कुश्ती में स्वाती, टेबल टेनिस में प्रेक्षा तिवारी ( दोनों सब-जूनियर नेशनल), पावरलिफ्टिंग में रिती कनौजिया (सीनियर नेशनल), ताइक्वांडो में शिवानी नागपाल (खेलो इंडिया), जूडो में मनीषा भारद्वाज (सीनियर नेशनल), क्रिकेट में अर्चना देवी (अंडर-19 वर्ल्ड कप विजेता टीम सदस्य), बास्केटबॉल में अमृता (जूनियर स्कूल नेशनल), हैंडबॉल में विशाल्या शर्मा (सीनियर नेशनल), भारोत्तोलन में सना (जूनियर नेशनल व खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी), बॉक्सिंग में पलक शुक्ला (जूनियर नेशनल) को पुरस्कृत किया गया।