ग्रीनपार्क स्टेडिटम में फ्लड लाइट का निरीक्षण करने पहुंची बीसीसीआई की टीम।
- फोटो : amarujala
कानपुर। ग्रीनपार्क स्टेडियम में गुरुवार को फ्लड लाइट की रोशनी में यूपीसीए ए और यूपीसीए बी टीम के बीच अभ्यास मैच खेला गया। बीसीसीआई टीवी के चीफ कैमरामैन एसके श्रीकांत ने एक घंटे तक मैच देखा। फ्लड लाइट की रोशनी को लाइटाे मीटर से चेक किया। इस दौरान स्टेडियम आईपीएल मैच के लिए पूरी तरह फिट नजर आया। अब वे अपनी रिपोर्ट बीसीसीआई को देंगे। शुक्रवार को आईपीएल गवर्निंग काउंसिल की बैठक होनी है, जिसमें 19 और 21 मई को आईपीएल के दो मैच कराने की घोषणा की जा सकती है।
मालूम हो कि डायरेक्टर और वीआईपी पैवेलियन की बाउंड्री लाइन में पर्याप्त रोशनी नहीं थी। जिसे ठीक करने के निर्देश आईपीएल चेयरमैन राजीव शुक्ला ने दिए गए थे। इसके बाद यहां पर 8 और अतिरिक्त फ्लड लाइट लगाई गई हैं। यूपीसीए के पदाधिकारी ने बताया कि बीसीसीआई टीवी के चीफ कैमरामैन ने अभ्यास मैच के दौरान स्टेडियम में जल रही फ्लड लाइट, पिच, 30 यार्ड, बाउंड्री लाइन में पड़ रही रोशनी को लाइटो मीटर से चेक किया। वे यहां की तैयारियों से संतुष्ट थे।
अभ्यास मैच में यूपीसीए ए सात विकेट से जीता
कानपुर। यूपीसीए ए और यूपीसीए बी टीम के बीच हुए अभ्यास मैच में यूपीसीए ए ने बी टीम को सात विकेट से हराकर मैच जीता। ए टीम के सौरभ दुबे ने 61 गेंद पर 100 (12 चौके, 4 छक्के) रन की आतिशी पारी खेली, उपेंद्र यादव 32 गेंद पर 45 रन ( 3 चौके, दो छक्के) की बदौलत टीम को 18.1 ओवर में तीन विकेट पर जिता दिया। इससे पहले यूपीसीए बी टीम ने टॉस जीतकर पहले 20 ओवर में तीन विकेट पर 174 रन बनाए थे।। शिवम चौधरी ने शानदार शतक नाटआउट 113 रन (10 चौके और 7 छक्के) बनाए। बी टीम के लिए भवानी सिंह ने दो विकेट लिए। वहीं अभ्यास मैच में आईपीएल सा नजारा दिखा। दोनों टीमों के खिलाड़ी रंगीन ड्रेस में थे।