कानपुर। गंगा महोत्सव-2026 के तहत सोमवार को ग्रीनपार्क स्टेडियम में आयोजित वॉलीबाल और कबड्डी प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया। वॉलीबाल में ग्रीनपार्क स्टेडियम की टीम ने रामलीला क्लब श्यामनगर को हराकर खिताब अपने नाम किया। वहीं, कबड्डी में पुखरायां अकादमी ने शहर की चेतक अकादमी को 32-28 से शिकस्त देकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
पहले सेमीफाइनल में ग्रीनपार्क स्टेडियम ने रक्षा विहार को 21-14, 21-12 से सीधे सेटों में 2-0 से हराया। दूसरे सेमीफाइनल में रामलीला क्लब श्यामनगर ने डीपीएस आजाद नगर को 21-14, 22-20 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। खिताबी मुकाबले में ग्रीनपार्क स्टेडियम ने रामलीला क्लब को 21-18, 23-21 और 15-13 से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा किया। कबड्डी के फाइनल में पुखरायां अकादमी ने चेतक अकादमी कानपुर को चार अंकों से हराया। प्रतियोगिता में साजिद अली को बेस्ट रेडर चुना गया। महोत्सव के तहत तीन अक्तूबर को ग्रीनपार्क स्टेडियम में हैंडबॉल प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसके बाद सभी प्रतियोगिताओं की विजेता टीमों को पुरस्कृत किया जाएगा।