गुजरात लायंस के रंग में रंगा ग्रीनपार्क।
- फोटो : amarujala
कानपुर। आईपीएल मैचों के दौरान ग्रीनपार्क मैदान एकदम अलग अंदाज में दिखेगा। नए लुक में दिखने वाले मैदान में मैच खेले जाएंगे। मैदान के लुक पर शनिवार को अंतिम निर्णय किया जाएगा। मैचों के लिए बीसीसीआई ने अंपायरों और स्कोरर के नाम भी घोषित कर दिए हैं।
पिच क्यूरेटर शिव कुमार ने बताया कि पहली बार आईपीएल की मेजबानी ग्रीनपार्क को मिली है। इसे यादगार बनाने के लिए मैदान को खास लुक दिया जाएगा। इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है। अभी 30 यार्ड पर हल्की घास और बाउंड्री पर ज्यादा घास रखी गई है। शनिवार को सेंट्रल जोन के पिच क्यूरेटर तापोश चटर्जी शहर आ जाएंगे। उनसे मंत्रणा के बाद मैदान को नया लुक दे दिया जाएगा। मैदान को नया लुक देने का काम 18 तक पूरा कर लिया जाएगा। पहला मैच 19 मई को गुजरात लायंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेला जाएगा। वहीं यूपीसीए के मीडिया प्रभारी अहमद अली खान तालिब ने बताया कि 19 और 21 मई के मैचों के लिए बीसीसीआई ने अंपायर, मैच रैफरी और स्कोरर के नाम घोषित कर दिए हैं। अनिल चौधरी और ओ नंदन फील्ड अंपायर, अनिल दांडेकर थर्ड अंपायर, रोहन पंडित फोर्थ अंपायर और रौशन महानामा मैच रेफरी होंगे। इसी तरह मैचों के आफीशियल स्कोरर ए सिंह और एसपी सिंह, डकवर्थ लुईस स्कोरर रामजी त्रिपाठी और मीडिया स्कोरर विकास पांडेय, अखिलेश त्रिपाठी होंगे।