2000 हेक्टेयर जमीन चिह्नित
इसके मद्देनजर केडीए ने शहर के नजदीक ग्रेटर कानपुर योजना विकसित करने का खाका खींचा है। शहर के दक्षिणी और पश्चिमी हिस्से के बीच भौंती बाईपास के पास ग्रेटर कानपुर के लिए सेन पश्चिम पारा, सेन पूरब पारा, पतेहुरी, गोपालपुर, गंभीरपुर, कैथा, सरनेतपुर, डांडे का पुरवा, दुर्जनपुर, इटारा गांव की 2000 हेक्टेयर जमीन चिह्नित की गई है।
योजना चैनल नंबर 82 से 87 के बीच विकसित करने की तैयारी
इसके लिए केडीए ने ड्रोन सर्वे कराया है। अमीन अंकुर पाल, शिवप्रसाद आदि ने स्थलीय निरीक्षण शुरू कर दिया है। केडीए के मुख्य नगर नियोजक मनोज कुमार ने बताया कि प्रस्तावित योजना रिंग रोड से सटी है। योजना चैनल नंबर 82 से 87 के बीच विकसित करने की तैयारी है। स्थल में देखा जा रहा है कि कहां-कहां बस्ती, अन्य प्रकार के निर्माण या खेत आदि हैं।
बनेंगे तीन पार्क, बढ़ेगा रोजगार
ग्रेटर कानपुर में रिंग रोड एवं भीमसेन रेलवे स्टेशन के आसपास तीन नए पार्क की स्थापना की जाएगी। इसमें ईवी पार्क, मेडिसिटी पार्क, एमएसएमई पार्क शामिल हैं। ईवी पार्क में इलेक्ट्रानिक्स वाहन बनेंगे। इनमें स्कूटी, बाइक, ई रिक्शा, ई ऑटो से लेकर लग्जरी कारें तक शामिल हैं। मेडिसिटी पार्क में दवाओं का निर्माण किया जाएगा। एमएसएमई पार्क में विभिन्न प्रकार के लघु एवं मध्यम उद्योग स्थापित होंगे। इन पार्कों में बनने वाले उत्पादों और बाहर से आने वाले कच्चे माल का स्टाक करने के लिए वेयर हाउस भी बनेंगे। इनमें करीब 10 हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिल सकेगा।
सभी आय वर्ग के लोगों का पूरा होगा आशियाने का सपना
ग्रेटर कानपुर परियोजना के आवासीय क्षेत्र में मध्यम व उच्च वर्ग के लिए एमआईजी से लेकर एचआईजी तक के प्लॉट, ग्रुप हाउसिंग, मल्टी स्टोरी बनाई जाएंगी। आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए ईडब्ल्यूएस और एलआईजी श्रेणी के प्लॉट भी विकसित किए जाएंगे।
ग्रेटर कानपुर के लिए सर्वे तेज कर दिया गया है। यह कार्य 15 दिन में पूरा हो जाएगा। काश्तकारों को जमीन की कीमत का चार गुना मुआवजा मिलेगा। -मदन सिंह गर्ब्याल, उपाध्यक्ष, केडीए