रिश्ते में दादी लगने वाली महिला ने अपने दो बेटों के साथ मिलकर 14 माह के पौत्र को अगवा कर लिया। फोन करके उसके पिता से दो लाख रुपये की फिरौती मांगी। पुलिस को सूचना देने पर मासूम की हत्या की भी धमकी दी।
मामले की जानकारी होते ही हरकत में आई पुलिस ने सर्विलांस की मदद से कुछ ही घंटों में मासूम को सकुशल तलाशकर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। उसके दोनों बेटे भाग निकले। कस्बा के मोहल्ला बाबा का पुरवा निवासी ट्रक चालक मोहन कुमार का 14 माह का बेटा शिव सोमवार शाम घर के बाहर बच्चों के साथ खेल रहा था।
मोहन के मुताबिक इस बीच इटावा के जसवंतनगर थाना क्षेत्र के रेलमंडी में रहने वाली उसकी सगी मौसी बेबी (50) अपने दो बेटों शिवम व अभिषेक के साथ बाइक से आई और शिव को अगवा कर ले गई। गांव के बच्चों ने घर आकर घटना की जानकारी दी तो परिजनों के होश उड़ गए।
मोहन ने मौसी को फोन कर बेटे की जानकारी की, लेकिन उसने शिव के साथ में न होने की बात कहकर फोन काट दिया। बकौल मोहन थोड़ी देर बाद ही मौसी ने दूसरे नंबर से फोन कर शिव के बदले दो लाख की फिरौती मांगी और पुलिस को सूचना न देने की धमकी भी दी। मोहन ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने रात करीब 12 बजे जुआ पुल स्थित मंदिर के पास से आरोपी महिला बेबी को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से शिव भी सकुशल मिल गया।