कानपुर। पॉलिटेक्निक शिक्षा को आधुनिक और उद्योगोन्मुख बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया गया है। टाटा टेक्नोलॉजी लिमिटेड के सहयोग से प्रदेश के 45 राजकीय पॉलिटेक्निक को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित करने की मंजूरी मिल गई है। इस योजना के तहत कानपुर के राजकीय पॉलिटेक्निक घाटमपुर और अकबरपुर (कानपुर देहात) में आधुनिक मशीनें स्थापित की जाएंगी। पहले चरण में 1.59 अरब रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।
इसके माध्यम से पॉलिटेक्निक संस्थानों में इंफ्रास्ट्रक्चर अपग्रेड किया जाएगा और इंडस्ट्री-लिंक्ड कोर्स संचालित होंगे। उद्योग विशेषज्ञों की कक्षाओं के साथ प्रैक्टिकल ट्रेनिंग भी दी जाएगी, जिससे छात्र पढ़ाई के साथ ही रोजगार के लिए तैयार होंगे। आईआरडीटी के निदेशक फजल रहमान खान ने बताया कि टाटा टेक्नोलॉजी न केवल अत्याधुनिक उपकरण उपलब्ध कराएगा, बल्कि प्रशिक्षण के लिए विशेषज्ञ इंस्ट्रक्टर भी तैनात किए जाएंगे। इससे इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल, आईटी, सिविल समेत विभिन्न ट्रेड के छात्रों को उद्योगों की वर्तमान जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षण मिलेगा। सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनने से छात्रों को इंटर्नशिप, अप्रेंटिसशिप और बेहतर प्लेसमेंट के अवसर भी मिलेंगे। यह पहल कानपुर क्षेत्र में कुशल तकनीकी मानव संसाधन तैयार करने में महत्वपूर्ण साबित होगी। (संवाद)