किदवईनगर में ऑनर किलिंग की आशंका से खौफजदा नवविवाहित जोड़े का ‘आर्शीवाद समारोह’ पुलिस की सुरक्षा के बीच कराया गया। साकेत नगर स्थित एक होटल के चप्पे चप्पे पर पुलिस देर रात तक तैनात रही और मेहमानों ने खुलकर वर वधू पर आशीर्वाद बरसाया। मेहमानों का जोश और पुलिस का साथ देख दूल्हा-दुल्हन भी परिजनों का डर भूल गए और एक दूसरे के साथ जमकर डांस किया।
एचटू ब्लाक निवासी युवक ने गुरुवार को किदवईनगर पुलिस को बताया था कि उसने हाल ही में लव और कोर्ट मैरिज की है और अब लड़की वाले जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। शुक्रवार को ‘आशीर्वाद समारोह’ में कुछ अनहोनी की आशंका है। पुलिस से फरियाद अनसुनी होने पर युवक ने डीआईजी से गुहार लगाई थी।
इसके बाद डीआईजी के निर्देश पर थाना पुलिस ने समारोह में सुरक्षा देने का वादा किया। शुक्रवार शाम से ही होटल के नीचे इंस्पेक्टर फाजिल सिद्दकी फोर्स के साथ खड़े रहे, जबकि ऊपर समारोह स्थल पर जगह-जगह दरोगा-सिपाही मुस्तैद रहे। जब तक मेहमान और वर-वधू होटल से चले नहीं गए, तब तक पुलिस मुस्तैद रही।
घर वालों को मनाऊंगी
दुल्हन का कहना है कि उसे अपने परिजनों का इस मौके पर न होने का अफसोस है, वह कोई न कोई प्रयास कर अपने घर वालों को मनाएगी और उनका भी आर्शीवाद लेगी।
बेटी बचाने का संकल्प लिया
स्टेज पर ही दूल्हा दुल्हन ने बेटी बचाने का संकल्प लिया। दूल्हे के मुताबिक वह कन्या भ्रूण हत्या का हमेशा से विरोधी रहा है और वह खुद चाहता है कि उसकी पहली संतान बेटी ही हो।