कानपुर-कासगंज रेलमार्ग पर हरसिंहपुर गोवा स्टेशन पर मंगलवार को मालगाड़ी का एक डिब्बा पटरी से उतर गया। इससे तीन घंटे रेल यातायात ठप रहा। दो पैसेंजर ट्रेनों को फर्रुखाबाद और शमसाबाद स्टेशनों पर रोका गया। जिम्मेदार अधिकारियों से हादसे के कारणों की रिपोर्ट तलब की गई है।
शहर से करीब नौ किलोमीटर दूर हरसिंहपुर गोवा स्टेशन को क्रॉसिंग स्टेशन बनाने का काम चल रहा है। रविवार को गिट्टी भरी 52 डिब्बों की मालगाड़ी पहुंची। उसके 20 डिब्बे खाली कर दिए गए। मंगलवार दोपहर करीब 1.45 बजे चालक अशोक कुमार मालगाड़ी को फर्रुखाबाद की ओर लेकर चला।
करीब 100 मीटर चलते ही पीछे से 13वां डिब्बा पटरी से उतर गया। आभास होते ही ट्रेन रोक दी। चालक ने फर्रुखाबाद स्टेशन को सूचना दी। आधा घंटे बाद राहत टीम पहुंची। 39 डिब्बों को फर्रुखाबाद स्टेशन पर खड़ा कराया गया, जबकि पीछे के 12 डिब्बे शमसाबाद स्टेशन ले जाए गए। पटरी से उतरे हुए डिब्बे को वहीं छोड़ दिया गया।
राहत टीम ने प्रेशर जैक की मदद से शाम 3:40 बजे डिब्बे के पहियों को पटरी पर चढ़ा दिया। इसके बाद 4:34 बजे गोरखपुर से बांद्रा जा रही एक्सप्रेस ट्रेन को फर्रुखाबाद स्टेशन से रवाना किया गया। हादसे के चलते कानपुर से कासगंज जा रही 15037 नंबर की पैसेंजर ट्रेन पौने तीन घंटे फर्रुखाबाद स्टेशन पर खड़ी रही। कासगंज से कानपुर जा रही 15038 ट्रेन शमसाबाद स्टेशन पर सवा घंटे खड़ी रखी गई। सूचना मिलते ही इज्जतनगर से एडीआरएम राजीव अग्रवाल, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी नीतू सिंह, सीनियर सेक्शन इंजीनियर रेलपथ के अलावा अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। डीआरएम के पीआरओ राजेंद्र सिंह ने बताया कि सिग्नल, रेलपथ आदि विभागों के अधिकारियों की रिपोर्ट तलब की गई है।