फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नए नटवरलाल का कारनामा, दंपति को बेच दी गोमती नदी, एक आरोपी गिरफ्तार

Sun, 26 Jul 2020 06:27 PM IST
शिखा पांडेय न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हरदोई
विज्ञापन
पुलिस गिरफ्त में आरोपी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

आपने नटवरलाल के किस्से बहुत सुने होंगे, वही नटवरलाल जिसने ताजमहल, लालकिला, राष्ट्रपति भवन यहां तक कि संसद भवन भी बेच दिया था। अब ऐसा ही एक मामला सामने आया है जिसने सबको अचंभे में डाल दिया है। यूपी के हरदोई जिले में जालसाजों ने एक महिला को गोमती नदी ही बेच दी।

विज्ञापन


दरअसल महिला को जो भूमि लगभग 30 लाख रुपये मेें बेची गई उसमें से आधे से अधिक जमीन पर गोमती नदी बहती है, जबकि शेष जमीन भी गोमती किनारे है। लेखपाल की आख्या मिलने के बाद पुलिस ने जालसाजी करने वाले एक शख्स को गिरफ्तार कर लिया है।

अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। लखनऊ जनपद के महानगर थाना क्षेत्र अंतर्गत रहीमनगर निवासी मिथलेश के पति योगेश्वर कुमार लखनऊ में बीएसएनएल में तैनात थे और वर्ष 2019 में सेवानिवृत्त हो गए।
विज्ञापन


मिथलेश ने पति के सेवानिवृत्त होने पर मिले रुपयों से भूमि खरीदने की योजना बनाई। अतरौली थाना क्षेत्र के ग्राम मंडौली निवासी मैनू उर्फ भैनू किसी तरह मिथलेश के संपर्क में आ गया। मिथलेश के मुताबिक मैनू ने उसकी मुलाकात सीतापुर जनपद के सिंधौली थाना क्षेत्र के ग्राम घरावां निवासी हरिकृष्ण श्रीवास्तव पुत्र विशंभर और लखनऊ के बख्शी का तालाब थाना क्षेत्र के तिवारीपुर निवासी मंजू यादव पत्नी रामलखन यादव से कराई।

विज्ञापन

इन लोगों ने मिथलेश और उसके पति योगेश्वर को भटपुर-करौंध मार्ग पर लगभग साढ़े 34 बीघा भूमि दिखाई और इसका बैनामा भी कर दिया। इसके एवज में 29,४३,६२० रुपये का भुगतान कर दिया।

जब यह लोग जमीन पर कब्जा लेने पहुंचे तो पता चला कि उक्त भूमि वहां है ही नहीं और मौजूद खेत के मालिकों ने उन्हें अभिलेख दिखाए। 28 फरवरी को मिथलेश ने मैनू उर्फ भैनू, हरिकृष्ण श्रीवास्तव और मंजू यादव के विरुद्ध जालसाजी, धोखाधड़ी और फजीवाड़े की रिपोर्ट अतरौली थाने में दर्ज करा दी।

पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू की और संबंधित लेखपाल से पूरी रिपोर्ट मांगी। प्रभारी निरीक्षक संतोष तिवारी के मुताबिक लेखपाल की रिपोर्ट से पता चला कि जो जमीन (खसरा और गाटा संख्या के आधार पर) बैनामा की गई है उस पर गोमती नदी बहती है।

कुछ भूमि गोमती से सटी हुई है और उसे भी बेचा नहीं जा सकता। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि फर्जीवाड़े और जालसाजी की पुष्टि हो जाने पर हरिकृष्ण श्रीवास्तव को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश भी की जा रही है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें