इटावा। प्रयागराज मंडल के रेलवे महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह का बुधवार सुबह 10 बजे इटावा जंक्शन आने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसके चलते इटावा जंक्शन को चमकाने का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। जगह-जगह बिजली के तार सही किए जा रहे हैं तो कहीं शीशों को चमकाया जा रहा है ताकि जीएम को निरीक्षण में सबकुछ ठीक मिले।
महाप्रबंधक स्पेशल कोच से टूंडला आएंगे। इसके बाद कार से इटावा पहुंचेंगे। इस दौरान इटावा में अमृत भारत स्टेशन की सेकेंड इंट्री का काम देखेंगे। इटावा में अन्य कामों की भी पड़ताल करेंगे। वहीं, जीएम के आगमन की सूचना पर मंगलवार को रेलवे स्टेशन पर सफाई व्यवस्था समेत अधूरे पड़े कार्यों को पूरा करने का काम युद्धस्तर पर चल रहा था। इलेक्ट्रीशियन जहां इटावा जंक्शन पर बिजली के निकले तारों को दुरुस्त करने के साथ रोशनी के लिए जगह-जगह लाइट लगवा रहे हैं। वहीं जगह-जगह सफाई व्यवस्था के अलावा रंगाई- पुताई का कार्य चल रहा है। रेलवे स्टेशन अधीक्षक पीएम मीना ने बताया कि जीएम के आने का कार्यक्रम आया है। वह सुबह इटावा जंक्शन पर आएंगे।