कानपुर के हरकोर्ट बटलर टेक्निकल यूनिवर्सिटी में ग्लोबल कस्टमर रिक्वायरमेन्ट पर मंगलवार को एक सेमिनार हुआ। जिसमें सॉफ्टलाइन फुटवियर एंड लेदर के जीएम जयदीप कोहली ने चमड़ा उत्पाद की अंतर्राष्ट्रीय जरूरतों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि देश में कौन-कौन से मानकों का पालन जरूरी है। इस दौरान काउंसिल फॉर लेदर एक्सपोर्ट के चेयरमैन मुख्तारुल अमीन ने लेदर इंडस्ट्री पर आने वाली चुनौतियों के बारे में बताया। इस दौरान सेफ्टी शूज के बारे में बताया गया कि किस तरह इस उत्पाद को बनाने में नई-नई टेक्नलॉजी आई है। जिसका बड़ा फायदा मैकेनिकल और इंजीनियरिंग कंपनियों को मिलेगा। इससे वर्कर को काम करने में काफी आसानी होगी।
बतौर मुख्य वक्ता शामिल हुए सॉफ्टलाइन फुटवियर एंड लेदर कंपनी के जीएम जयदीप कोहली ने बताया कि कच्चा माल तैयार करने से लेकर उससे बने उत्पादों को विदेशों में बेचना जटिल प्रक्रिया है। किसी भी स्तर पर चूके तो कारोबारी और उनके ब्रांड की प्रतिष्ठा पर सवाल उठते हैं। कारोबार निगेटिव ग्रोथ की ओर बढ़ने लगता है।
यह ध्यान रखना जरूरी
सबसे बड़ी चुनौती एक्सपोर्टरों के सामने होती है उत्पाद को खरीदार तक सुरक्षित पहुंचाना। इसके लिए चमड़ा उत्पादों में कोटिंग, पॉलिसिंग और पैकेजिंग बहुत मायने रखती है। कई बार समुद्र के रास्ते माल जाने पर उसमें नमी आ जाती है। इससे उत्पाद में फफूंदी, रंग उतर जाने, रंग एक जगह जमा हो जाने, मेटल का रंग चमड़े पर छूट जाने की शिकायतें आती हैं। इसके लिए जरूरत है कि चमड़ा बनाने से पहले उसकी टेस्टिंग अच्छी तरह हो। केमिकल का इस्तेमाल सोच समझ कर किया जाए। इस दौरान आरके जालान, जावेद इकबाल, ओपी पांडेय आदि मौजूद रहे।